ब्यूटी पार्लर और मकान पर फायरिंग- India TV Hindi
Image Source : REPORTER
ब्यूटी पार्लर और मकान पर फायरिंग

करनाल के फसर गांव में आधी रात उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक ब्यूटी पार्लर और उसके ऊपर बने मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। 4 से 5 राउंड गोलियां चलाकर हमलावर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात बदमाश सीधे पार्लर के बाहर पहुंचे और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। पहले गोलियां ब्यूटी पार्लर की तरफ चलाई गईं, फिर ऊपर बने घर की ओर निशाना साधा गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के घरों की लाइटें जल उठीं और लोग सहमे हुए घरों से बाहर निकल आए।

बदमाशों ने मकान और ब्यूटी पार्लर को बनाया निशाना

जिस मकान को निशाना बनाया गया, वह बलकार लता का बताया जा रहा है। घटना के समय घर में बलकार की मां राजपति और पत्नी सीमा मौजूद थीं। नीचे की दुकान ब्यूटी पार्लर के लिए किराए पर दी गई है, जिसे नीता नाम की महिला चलाती हैं। विदेश में है मकान मालिक जानकारी के अनुसार, मकान मालिक बलकार करीब तीन साल पहले डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। बताया जा रहा है कि इस सफर पर उसने लगभग 40 से 50 लाख रुपये खर्च किए थे। फिलहाल वह अमेरिका में ड्राइवर का काम करता है, जबकि उसका बड़ा भाई गांव में ही रहता है।

पुरानी रंजिश या फिरौती से जुड़ा मामला? जांच में जुटी पुलिस

परिवार और पार्लर संचालिका नीता का कहना है कि अभी तक किसी तरह की पुरानी रंजिश या फिरौती से जुड़ा मामला सामने नहीं आया है। अचानक हुई इस वारदात से घर की महिलाएं बेहद डरी हुई हैं और देर रात तक घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाईं। इलाके में पहली ऐसी वारदात स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में इस तरह की फायरिंग की यह पहली घटना है। रात के सन्नाटे में गोलियों की आवाज से बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बुरी तरह घबरा गए। वारदात के बाद से मोहल्ले में डर और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास से खाली खोखे बरामद किए। जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रिपोर्ट- अमित भटनागर, करनाल

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Exit mobile version