Mumbai pune Higway Jam- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
मुंबई-पुणे हाईवे पर महाजाम

मुंबई: अगर आपको मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से गुजरना हो तो एक बार वहां के ट्रैफिक हालात की जानकारी लेकर हीं यात्रा शुरू करें। दरअसल पिछले 22 घंटे से इस एक्सप्रेसवे पर हाहाकार मचा हुआ है। वजह है आडोशी सुरंग के पास प्रोपिलीन गैस से भरा एक टैंकर का पलटना।  गैस रिसाव के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मुंबई जाने वाली लेन को पूरी तरह बंद कर दिया है, जिसके चलते 10 से 12 किलोमीटर लंबा भीषण ट्रैफिक जाम लग गया है।

घंटों से लोग जाम में फंसे

वहीं इस महाजाम में घंटों से फंसे लोगों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। लातूर से आए एक यात्री ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि वह अपने कैंसर पीड़ित दोस्त को लेकर मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल जा रहे थे। रात 10 बजे वे लोग लातूर से निकलने और सुबह 4 बजे से जाम में फंसे हैं। मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना था, लेकिन अब मरीज की जान पर बन आई है। छोटे बच्चे और बुजुर्ग बिना पानी और सुविधाओं के सड़क पर घंटों बिताने को मजबूर हैं।

प्रशासन और पुलिस का क्या कहना है?

महामार्ग एसपी (पुणे रीजन) तानाजी चिखले ने हालात को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा-” जब तक गैस रिसाव कम होकर यह समस्या पूरी तरह हल नहीं हो जाती, तब तक हमें ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ेगा। इसके लिए पुणे से मुंबई जाने वाला जो यातायात है, यदि वह ताम्हिणी घाट मार्ग से और साथ ही कर्जत मार्ग से ठाणे की ओर मोड़ा जाए, तो निश्चित ही उसका फायदा होगा। यहां अभी भी कुछ घंटों तक जाम रहने की संभावना है। NDRF की टीम, दुर्घटनाग्रस्त लोगों की मदद करने वाली टीम और BPCL की टीम—ये तीनों टीमें यहां कार्यरत हैं। उनकी ओर से भरसक प्रयास जारी हैं और जल्द से जल्द यह समस्या सुलझ जाएगी, ऐसी अपेक्षा है।”

छोटे बच्चे, बीमार लोग, सब परेशान

वहीं जाम में फंसे लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती है। जब ट्रैफ़िक जाम होता है, उस समय पुराना हाईवे शुरू करने में कोई हर्ज नहीं था, लेकिन ऐसा कुछ नहीं होता। जाम में छोटे बच्चों से लेकर बीमार लोग भी फंसे हुए हैं। बहुत सारे लोग ऐसे हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचना था लेकिन अब जाम में फंस गए हैं। पुणे-मुंबई में तो लगातार ट्रैफ़िक जाम रहता है, उसके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती।

गैस रिसाव पूरी तरह बंद होने का इंतजार 

लोगों का कहना है कि वे टोल भरकर आगे बढ़े और अब कई घंटों से जाम में फंसे हुए हैं। क्या सरकार टोल वापस करने वाली है? नहीं करती वो। सिर्फ पैसे लेकर फंसे रहो।  यात्रा बिना रुकावट के पूरी हो, यह जरूरी है। फिलहाल पुणे लेन खालापुर टोल प्लाजा तक ठप है। हालांकि प्रशासन जल्द समस्या सुलझाने का दावा कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि हजारों लोग अभी भी फंसे हुए हैं और गैस रिसाव पूरी तरह बंद होने का इंतजार कर रहे हैं।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version