Bathinda murder case, Punjab crime news, Prince Kumar arrest- India TV Hindi
Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL
पंजाब के बठिंडा में पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बठिंडा: पंजाब के बठिंडा में एक युवती की बेरहमी से की गई हत्या का मामला सुलझ गया है। पुलिस ने 35 साल के प्रिंस कुमार को युवती की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मृतक युवती की पहचान मोगा जिले के बाघापुराना की रहने वाली सपना उर्फ मलिका के रूप में हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपना करीब 20-22 साल की थी और कुछ समय से बठिंडा में रह रही थी। आरोपी और सपना के बीच दोस्ती थी लेकिन अभी तक हत्या के पीछे का असली मकसद पता नहीं चल पाया है।

आरोपी ने अपने घर में सपना को चाकू से गोदा

पुलिस के मुताबिक, प्रिंस कुमार ने 9 फरवरी को सुरखपीर रोड पर स्थित अपने घर में सपना की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी और सपना पहले से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच दोस्ती थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को 2 दिन तक घर में ही रखा। फिर उसने सबूत मिटाने की कोशिश में शव को जलाने की कोशिश की, लेकिन पूरी तरह नहीं जला सका। उसने आधा जला शव एक पुराने सूटकेस में भरकर रख दिया। इसके बाद 10 और 11 फरवरी की आधी रात को प्रिंस अपनी कार से सूटकेस लेकर बठिंडा-फाजिल्का राजमार्ग पर बेहमन दीवाना गांव के पास पहुंचा और उसे एक खेत में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी को CCTV की मदद से पकड़ा

11 फरवरी को सूटकेस मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। बठिंडा की SSP ज्योति यादव बैंस ने बताया कि जांच में परसराम नगर इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें 7 फरवरी को युवती आरोपी के साथ दिखाई दी थी। इसके अलावा, युवती के फोन रिकॉर्ड की भी जांच की गई और 15 लोगों से पूछताछ की गई, जिसके बाद शक प्रिंस कुमार पर गया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू, शव ले जाने वाली कार और सूटकेस बरामद कर लिया है। SSP ने कहा कि आरोपी अकेले रहता था और ऐसा लगता है कि उसने यह वारदात अकेले ही अंजाम दी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version