
बाइक सवारों को पेट्रोल से नहलाया।
कानपुर: जिले के चुन्नीगंज इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पेट्रोल पम्प पर हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि यह वीडियो पुराना बताया जा रहा है, लेकिन फिर भी यह वीडियो दिल दहला देने वाला है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि बाइक सवारों का पेट्रोल पम्प पर कार्यरत नोजल मैन्स के साथ कुछ बहस और विवाद हुआ। विवाद किस बात को लेकर हुआ अभी इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।
विवाद के बाद पेट्रोल से नहलाया
सोशल मीडिया पर वायरल रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि विवाद के बीच पेट्रोल पम्प के नोजल मैन्स ने बाइक सवारों के ऊपर पेट्रोल डालकर उन्हें नहला दिया। पेट्रोल से सराबोर होने के बाद बाइक सवार एक-दूसरे को खींच कर पेट्रोल पम्प से बाहर ले गए। वहीं पेट्रोल पम्प पर कार्यरत नोजल मैन्स ने नोजल से बाइक सवारों पर पेट्रोल डाल दिया, जिससे काफी मात्रा में पेट्रोल फैल गया। इस सूरत में किसी बाइक को स्टार्ट करते समय स्पार्किंग या किसी अन्य माध्यम से आग लगने का खतरा भी बढ़ गया था।
हो सकता था बड़ा हादसा
माना जा रहा है कि अगर थोड़ी भी लापरवाही की वजह से आग लग जाती तो पूरा का पूरा पेट्रोल पम्प और आस पास का इलाका जलकर स्वाहा हो जाता, क्योंकि पेट्रोल पम्प पर हजारों लीटर डीजल और पेट्रोल स्टोरेज रहता है। वहीं वायरल वीडियो को लेकर जब पुलिस से जानकारी ली गई तो पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम पर डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पुराना लग रहा है फिर भी इस पूरे प्रकरण की जांच कराएंगे और दोषी पाए जाने पर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)
यह भी पढ़ें-
कभी नहीं देखा होगा बकरियों का ऐसा जन्मदिन, 200 लोगों की दावत और DJ पर नाचे लोग; वायरल हो रहा वाीडियो
