AI समिट में यूथ कांग्रेस ने किया शर्टलेस प्रदर्शन।- India TV Hindi
Image Source : PTI
AI समिट में यूथ कांग्रेस ने किया शर्टलेस प्रदर्शन।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी शर्ट उतार दीं और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह प्रदर्शन अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते के विरोध में था, जिसके चलते भारत मंडपम स्थित समिट हॉल में से एक में व्यवधान उत्पन्न हुआ।

यूथ कांग्रेस ने किया शर्टलेस प्रदर्शन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के सत्र के दौरान उस समय अव्यवस्था फैल गई जब प्रदर्शनकारी खड़े हो गए और नारे लगाने लगे, जिससे प्रतिनिधियों और अधिकारियों का ध्यान उनकी ओर आकर्षित हुआ। सुरक्षाकर्मी स्थिति को संभालने का प्रयास करते नजर आए क्योंकि क्रांग्रेसियों ने अपनी आपत्तियां व्यक्त कीं।

10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया

यह विरोध प्रदर्शन पांच दिवसीय शिखर सम्मेलन के अंतिम दिन हुआ, जिसमें वैश्विक नेता और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ एआई के भविष्य पर चर्चा करने के लिए एकत्रित हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने कहा कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस फिलहाल यह सत्यापित कर रही है कि प्रदर्शन के समय प्रदर्शनकारियों के पास वैध प्रवेश पास था या नहीं।  

इंटरनेट पर कांग्रेस की जमकर आलोचना

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस कृत्य पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। इंटरनेट यूजर्स ने इस “बेशर्म” हरकत को वैश्विक मंच पर देश का अपमान करने का प्रयास बताया। कई लोगों ने कहा कि भारत की छवि को धूमिल करने वाले इस कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

‘बेशर्मी बदतमीज़ी जहालत’

एक यूजर ने लिखा, “ये बेशर्मी बदतमीज़ी जहालत है और देश का अपमान करने की कोशिश भी। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता आधे नंगे होकर AI समिट में मोदी जी के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे हैं। देश की सड़कें कम पड गई थी क्या ??? या एजेंडा विरोध नहीं सिर्फ़ बदनामी है ???”

भारत की बदनामी करवा रहे

एक अन्य यूजर ने कहा, “AI समिट में सोशल मीडिया पर भारत को बदनाम करने में सफल नहीं हुए। तो अब भारत मंडपम में ही जाकर “यूथ कांग्रेस” के कार्यकर्ता ड्रामा करके भारत की बदनामी करवा रहे हैं। इनके ख़िलाफ़ ऐसी कार्यवाही हो कि इनका देशविरोध का ये सारा भूत उतर जाये।” इसके अलावा तीसरे यूजर ने कहा, “आप नीतियों का विरोध कर सकते हैं। आप नेतृत्व पर सवाल उठा सकते हैं। लेकिन वैश्विक प्रतिनिधियों के सामने देश को शर्मिंदा करना? यह सक्रियता नहीं है – यह असुरक्षा है।” 

भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला

भाजपा के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने विरोध प्रदर्शन के लिए कांग्रेस की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘राष्ट्रीय कलंक’ बताया और कहा कि पार्टी को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा, ऐसे समय में जब भारत एक प्रतिष्ठित वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपने नवाचार और नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा है, कांग्रेस पार्टी ने गरिमा की जगह व्यवधान को चुना। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिखर सम्मेलन स्थल पर नग्न होकर हंगामा किया, जो स्पष्ट रूप से भारत को विश्व मंच पर शर्मिंदा करने के उद्देश्य से किया गया कृत्य था। जब देश खुद को एक वैश्विक प्रौद्योगिकी महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रहा है, तब ऐसा आचरण केवल उन लोगों के हितों की पूर्ति करता है जो भारत को लड़खड़ाते देखना चाहते हैं। राजनीतिक विरोध करना एक लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को धूमिल करना उचित नहीं है। भारत इससे बेहतर का हकदार है।”

रक्षा मंत्री ने बताया- ‘भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “जब पूरा विश्व भारत को नई दिल्ली में मौजूद भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी करते हुए देख रहा था और तकनीक व नवाचार के क्षेत्र में हमारे बढ़ते वैश्विक नेतृत्व का साक्षी बन रहा था, उस समय कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय आयोजन में व्यवधान उत्पन्न करने का रास्ता चुना। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा जिस शर्मनाक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर अनुचित व्यवहार करते हुए हंगामा किया गया है वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारत  की प्रतिष्ठा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का प्रयास भी है। मैं कांग्रेस के इस कृत्य की भर्त्सना करता हूं। जब भी भारत वैश्विक मंच पर आगे बढ़ता है, कांग्रेस राष्ट्रहित के साथ खड़े होने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने को प्राथमिकता देती दिखाई देती है। दलगत राजनीति को देश की प्रतिष्ठा और सम्मान से ऊपर रखना अत्यंत दुखद है। भारत की जनता भली-भांति समझती है कि कौन भारत को सशक्त और समर्थ बनाने में जुटा है और कौन बार-बार भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास करता है।”

‘कांग्रेस के नेताओं ने घृणित काम किया’: CM योगी

CM योगी ने भी भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के नेताओं ने बहुत ही घृणित काम किया। ये लोग देश की कीमत पर सौदेबाजी करते हैं। आज भारत मण्डपम में कांग्रेस ने अराजकता फैलाई, कांग्रेस द्वारा शर्मनाक घटना की गई, कांग्रेस द्वारा भारत की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।’

राहुल गांधी ने रचा हंगामा: मनजिंदर सिंह सिरसा 

इसके अलावा दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस कृत्य ने भारत की छवि धूमिल की है और कहा कि यह हंगामा राहुल गांधी द्वारा रचा गया था। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जी ने आज इंडियन नेशनल यूथ कांग्रेस से AI Summit में जो प्रोटेस्ट करवाया, उसमें विदेशी मेहमानों के सामने कपड़े उतारकर किया गया यह ‘नंगा नाच’ बेहद शर्मनाक है। प्रोटेस्ट करना एक अलग बात है। मगर ऐसा प्रोटेस्ट जिसमें अपने देश को छोटा पेश किया जा रहा हो, अपने देश की छवि को ही धूमिल किया जा रहा हो? यह घटिया मानसिकता सिर्फ कांग्रेस के पास है। आज गांधी परिवार को ज़रूर सोचना चाहिए कि गिरते-गिरते कितना गिर गए कि आज वो ये भूल ही गए कि देश का मान-सम्मान विदेशी मेहमानों के सामने कैसा होना चाहिए। मैं ऐसी घटिया किस्म के प्रोटेस्ट की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।”

यह भी पढ़ें-

भरे सदन में शिवपाल यादव को कह दिया लठैत, बजट पर चर्चा के दौरान फुल फॉर्म में दिखे CM योगी

Latest India News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version