पहली तस्वीर में मृतक तारिक, दूसरी तस्वीर में आरोपी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER
पहली तस्वीर में मृतक तारिक, दूसरी तस्वीर में आरोपी

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा में छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर शव को घर में ही गड्ढा खोदकर दफना दिया। इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने खुद ही बड़े भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। मृतक के मामा की शिकायत पर पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के पिछले हिस्से में खुदाई कर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

नींद में खलल बना हत्या की वजह

जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा निवासी मुसर्रिक बेग अपनी पत्नी, मां और बड़े भाई तारिक के साथ रहता था। तारिक अविवाहित था। मुसर्रिक शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है और उसे यह नौकरी पिता की मृत्यु के बाद अनुकम्पा पर मिली थी। बताया गया कि 10 फरवरी को घर में मां बाहर गई थीं और पत्नी मायके में थी। सुबह के समय ऊपरी हिस्से में रहने वाला तारिक चाय बनाने नीचे आया और छोटे भाई के कमरे की कुंडी खटखटा दी। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद शुरू हो गया।

कुल्हाड़ी से भाई को मार डाला

आरोपी के अनुसार, विवाद के दौरान तारिक ने चाकू उठा लिया, जिस पर उसने गुस्से में कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से तारिक की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने घर के पीछे गड्ढा खोदकर शव दफना दिया। जब तारिक नजर नहीं आया तो मां के पूछने पर वह टालमटोल करता रहा और बाद में खुद ही भाई की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दे दी।

तारिक के लापता होने से उसकी मां और मामा चिंतित थे। मुसर्रिक की गतिविधियों पर शक होने पर मामा ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और हत्या की बात कबूल कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति मौके पर पहुंचे। मजिस्ट्रेट के आदेश पर खुदाई कर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

आरोपी को हुआ पछतावा

बड़े भाई की निर्मम हत्या के आरोप में गिरफ्तार मुसर्रिक बेग ने पूछताछ के दौरान कहा कि यदि वह गुस्से पर काबू कर लेता तो यह घटना नहीं होती। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्टः आकाश राठौड़, झांसी





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version