
पाकिस्तान पर भड़के हामिद करजई।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जंग छिड़ चुकी है। सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ओर से सैकड़ों की संख्या में लोग मारे जा चुके हैं। बता दें कि इस जंग की शुरुआत पाकिस्तान ने की जब उसने अफगानिस्तान के कई इलाकों पर हवाई हमले किए और आम लोगों की हत्या की। इसके बाद तालिबान ने पाकिस्तानी फौजियों पर हमला बोल दिया। तालिबान के लड़ाकों ने डूरंड लाइन पर पाकिस्तानी फौजियों की चौकियों को तबाह कर दिया है। इसके बाद इज्जत बचाने के लिए पाकिस्तान को अफगानिस्तान के खिलाफ जंग का ऐलान करना पड़ा और पाकिस्तानी वायुसेना काबुल, कंधार समेत कई इलाकों पर हमले किए। वहीं, इस जंग के बीच अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने पाकिस्तान को बड़ी चेतावनी दी है।
क्या बोले हामिद करजई?
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने पाकिस्तान को चेतावनी जारी करते हुए कहा- “पाकिस्तानी विमानों ने एक बार फिर से काबुल, कंधार और पख्तिया पर बमबारी की है। अफगान किसी भी हालात में पूरी एकता के साथ अपनी मातृभूमि की रक्षा करेंगे और इस हिंसा का बहादुरी के साथ जवाब देंगे। पाकिस्तान उन समस्याओं से बच नहीं सकता जो उसने हिंसा और बमबारी के ज़रिए पैदा की हैं। उसे अपनी नीति बदलनी होगी और अफगानिस्तान के साथ अच्छे पड़ोसी, सम्मान और सभ्य संबंध बनाने होंगे।”
पाकिस्तान की दर्जनों चौकियों पर हमला
सामने आई जानकारी के मुताबिक, तालिबान ने बॉर्डर पर पाकिस्तान की दर्जनों चौकियों पर हमला किया है। देर रात को हमले और गोलाबारी की खौफनाक तस्वीरें सामने आती रही हैं। तालिबान सरकार के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना की ओर से बार-बार बॉर्डर पर उल्लंघन किया जा रहा है, जिसके बाद पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को अब तालिबानी फौज टारगेट कर रही है। पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर तालिबान ने कब्जा कर लिया है और उसे आग भी लगा दी है। साथ ही तालिबान ने अब तक पाकिस्तान के 55 सैनिकों को मारने और बड़ी संख्या में सैनिकों को घायल करने का दावा किया है।
