anurag dobhal- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@RAJAT_9629/@ANURAG_DOBHAL
अनुराग डोभाल के सुसाइड अटेम्प्ट पर सेलेब्स का रिएक्शन।

यूट्यूब पर UK07 Rider और बाबू भैया के नाम से मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस फेम अनुराग डोभाल इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। अनुराग ने हाल ही में अपने परिवार पर कुछ गंभीर आरोप लगाते हुए वीडियो शेयर किया था और अब शनिवार, 7 मार्च 2026 को उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान जान देने की कोशिश की। लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान ही अनुराग ने अपनी कार की रफ्तार बढ़ा दी और उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में अनुराग की जान तो बच गई, लेकिन उन्हें हादसे में कई चोटें आई हैं। हादसे के बाद अनुराग डोभाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस वीडियो के सामने आने के बाद कई मशहूर यूट्यूबर्स और मनोरंजन जगत के स्टार्स ने अनुराग डोभाल के कदम पर प्रतिक्रिया दी है।

एल्विश यादव से अली गोनी तक ने दी प्रतिक्रिया

अनुराग डोभाल ने लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान जान देने की कोशिश की। लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान अनुराग काफी रो रहे थे और अपने परिवार को लेकर निराशा जाहिर करते भी देखे। इस वीडियो के सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे पब्लिसिटी स्टंट बताते हुए अनुराग का मजाक उड़ाना भी शुरू कर दिया। अब एल्विश यादव से लेकर अली गोनी तक ने अनुराग के सुसाइड की कोशिश पर प्रतिक्रिया दी और उनके जल्द से जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है।

अनुराग की हालत पर मुनव्वर फारुकी का रिएक्शन

मुनव्वर फारुकी ने एक वीडिोय शेयर किया, जिसमें वह अनुराग की हालत पर प्रतिक्रिया दी। वह कहते हैं- ‘कोई परेशान है तो प्लीज बात करो, शेयर करो। वो चला जाएगा तो हम कहते हैं कि यार बात कर लेता। लेकिन, जब कोई बात करता है तो हम उसका मजाक उड़ाते हैं। इंटरनेट को क्या बना दिया है तुम लोगों ने? कहते हैं व्यूज के लिए कर रहा है। तो प्लीज इस बात का ध्यान रखिए, किसी को ट्रोल करने के लिए 50 चीजें मिल जाएंगी। लेकिन, ऐसे मामलों में थोड़ा संजीदा रहें। जहां तक बात है अनुराग की तो जब मैंने पहला वीडियो देखा, तभी मैंने उस तक पहुंचने की कोशिश की। मैंने उसके एक करीबी से बात की, पता चला की बहुत सारी चीजें चल रही हैं। मैंने उसे बस यही कहा कि अपना ख्याल रखो, क्योंकि फैमिली प्रॉब्लम में कोई कुछ नहीं कर सकता। आप लोग भी ध्यान रखें। उम्मीद करता हूं कि वो ठीक रहे, स्वस्थ रहे। मैं बस यही कहना चाहता हूं, सुसाइड किसी समस्या का समाधान नहीं है।’

एल्विश यादव ने जताई चिंता

एल्विश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा- ‘मैं किसी के पर्सनल मैटर या फैमिली मैटर में नहीं बोलता, लेकिन जो भी अनुराग भाई के साथ चल रहा है, उम्मीद करता हूं जल्दी ठीक हो जाए। जल्दी ठीक हो जाओ अनुराग भाई।’ प्रिंस नरुला ने मजाक उड़ाने वालों को लताड़ लगाते हुए कहा-  ‘कभी-कभी लोगों को ये बताने के लिए कि मैं सच बोल रहा हूं, अपनी जान देना पड़ता है, मरना पड़ता है। नहीं तो लोग मजाक ही समझते हैं। ट्रोल करते हैं। मुझे ट्रोलर्स से नफरत है, जब तुम ऐसा करते हो किसी की परिस्थिति को नहीं समझते। लोग अभी भी लिख रहे हैं – मरा की नहीं? अभी भी जिंदा है..? शर्म आनी चाहिए ऐसे लोगों को। वो किस हालत में है, कोई नहीं समझ पा रहा है।’

अली गोनी का रिएक्शन

अली गोनी ने अनुराग डोभाल को ट्रोल करने वालों को आडे़ हाथ लेते हुए कहा- ‘उस लड़के ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उसने अपने आप को जाहिर करने की कोशिश की। ये बताने की कोशिश की कि उसकी जिंदगी में क्या चल रहा है। चलो ठीक है, फैमिली मैटर है, दखल नहीं देना चाहिए, लेकिन उसने अपने आपको अपने फैंस के सामने जाहिर करने की कोशिश की और उसे बदले में क्या मिला? टॉर्चर, हंसी मजाक और ट्रोलिंग।’ अभिषेक कुमार ने भी अनुराग डोभाल के इस कदम पर चिंता और हैरानी जाहिर की है।

रजत दलाल को सताई चिंता

रजत दलाल ने भी एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अनुराग डोभाल के इस कदम को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा- ‘सबके अपने 10 ओपिनियन हैं। मुझे नहीं पता कि कौन सही है और कौन गलत है। उसके घर में क्या चल रहा है। लेकिन, मुझे बस ये बताओ कि जो भी बंदा ये वीडियो देख रहा है, क्या उसके घर में दिक्कत नहीं है? हर किसी की जिंदगी में अपनी समस्याएं हैं। किसके साथ दिक्कत नहीं आती? तुम्हारी इतनी ऑडियंस है, उन्हें क्या इंफ्लूएंस कर रहे हो? कमजोर पड़ जाओ और मर जाओ। ये समाधान नहीं है। मैं अनुराग को 2-3 दिन से कॉन्टेक्ट करने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन सुसाइड किसी भी तरह से सपोर्टिव नहीं है। ये गलत है। तुम्हारा बच्चा इस दुनिया में आने वाला है। इतनी खुशी की बात है। प्राउड मोमेंट है, उसके भविष्य के बारे में सोचने की चीज है और तुम अपनी जिंदगी खत्म करने में लगे हो। हर समस्या का समाधान होता है। तुम्हारे पास फोन है, लाइव जा रहे हो। भाई उसी फोन से किसी को फोन मिला दो, दो मिनट बात कर लो। अपनी जिंदगी खत्म मत करो, इसका कोई तुक नहीं है।’

अनुराग डोभाल के परिवार पर आरोप

अनुराग डोभाल ने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने अपनी मानसिक हालत और परिवार के व्यवहार के बारे में बात की थी। इस वीडियो में उन्होंने अपने माता-पिता, भाई और परिवार के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए थे। अनुराग ने इस वीडियो में कहा कि उनके घरवाले उनकी इंटर कास्ट मैरिज से खुश नहीं थे और उनकी पत्नी रितिका को घर में घुसने भी नहीं दिया। अनुराग ने दावा किया कि उनके परिवार ने उनका सब कुछ छीन लिया और यहां तक कि अब उनकी पत्नी भी उन्हें छोड़कर जा चुकी है।

ये भी पढ़ेंः यूट्यूबर ने लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान की सुसाइड की कोशिश? डिवाइडर से ठोकी कार, परिवार पर लगाए गंभीर आरोप
34 साल पहले आई बॉलीवुड की पहली सर्जिकल स्ट्राइक फिल्म, ब्लॉकबस्टर में थे 8 बड़े स्टार, रजनीकांत ने मारी थी ठोकर





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version