Suresh Choudhary- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
सुरेश चौधरी, बीएसपी पूर्व जिलाध्यक्ष

हरदोई : हरदोई में करप्शन के खिलाफ सीबीआई ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के नाम पर रिश्वतखोरी के मामले में सीबीआई ने  सुरेश चौधरी को गिरफ्तार किया है। इस हाई प्रोफाइल गिरफ्तारी से जिले के सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है।

मीटिंग के दौरान गिरफ्तारी

बीएसपी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी कछौना में बैंक ऑफ बड़ौदा का बीसी (बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट) केंद्र भी संचालित करते हैं। मंगलवार शाम जब वह मुसलमानाबाद सपहिया गांव में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे,तभी लखनऊ से आई सीबीआई टीम ने उन्हें दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

50 हजार रिश्वत मांगने का आरोप

जानकारी के मुताबिक ​बघौली थाना क्षेत्र के अछरामऊ निवासी सीमा नाम की युवती ने योजना के तहत पांच लाख रुपये के लोने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस लोन को पास कराने के बदले सुरेश चौधरी ने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़िता की शिकायत पर सीबीआई ने जाल बिछाया और कार्रवाई को अंजाम दिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष मीडिया के कैमरों से अपना चेहरा छिपाते नजर आए।

7 घंटे तक हुई कड़ी पूछताछ

​गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम सुरेश चौधरी को कछौना रेलवे स्टेशन के गार्ड रूम ले गई,जहां करीब सात घंटे तक उनसे कड़ी पूछताछ की गई। टीम ने उनके पास मौजूद कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। देर रात सीबीआई उन्हें गिरफ्तार कर लखनऊ ले गई। हालांकि,सुरेश चौधरी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए इसे अपने खिलाफ एक बड़ी साजिश करार दिया है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद जिले की सियासी हलचल  तेज हो गई है।

रिपोर्ट-राम श्रीवास्तव, हरदोई





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version