मध्य प्रदेश: PM मोदी की मिमिक्री करना टीचर को पड़ा महंगा, VIDEO वायरल होने के बाद किया गया निलंबित


teacher suspended- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
टीचर निलंबित

शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक टीचर को पीएम मोदी की मिमिक्री करना भारी पड़ गया है। टीचर का वीडियो वायरल होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

रक्तदान अभियान से चर्चा में आए सेमरखेड़ी बैराड़ में पदस्थ शासकीय शिक्षक  साकेत पुरोहित को जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने निलंबित कर दिया। दरअसल एक दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, उसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नकल करते हुए देखे गए थे।

इसकी शिकायत जब कलेक्टर के पास पहुंची तो उन्होंने तत्काल कार्यवाही के लिए डीईओ विवेक श्रीवास्तव को आदेशित किया, जिला शिक्षा अधिकारी की माने तो उन्होंने वीडियो देखने के बाद इस कृत्य को शिक्षक की गंभीर अनुशासनहीनता माना और उन्हें निलंबित कर दिया।

पहले भी कई लोग पीएम मोदी की मिमिक्री करते रहे हैं लेकिन इस तरह किसी के निलंबन की खबर चर्चा का विषय है। गौरतलब कि देश में एलपीजी सिलेंडर मिलने के लिए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें कतारों में लगना पड़ रहा है। ऐसे में टीचर ने गैस के मुद्दे पर ही पीएम मोदी की मिमिक्री की और एक तरह से उन्हें सवालों के घेरे में लिया। इसे जिला शिक्षा अधिकारी ने गंभीर अनुशासनहीनता माना और टीचर के खिलाफ कार्रवाई की।

बता दें कि टीचर अपने वीडियो में व्यंगात्मक रूप से ये कहते हुए दिख रहे हैं कि एलपीजी गैस पर बना खाना स्वास्थ्य को नुकसान देता है इसलिए चूल्हे पर बना खाना खाना चाहिए। टीचर की शैली आलोचना वाली है, जिसमें वह तंज कसते हुए ताजा गैस के मुद्दे पर अपने विचार प्रकट कर रहे हैं। आने वाले समय में टीचर को राहत मिलेगी या नहीं, ये तो समय ही बताएगा। (इनपुट: के के दुबे)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *