पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन की शुरुआत होने के बाद से अब तक हुए विवादों के कारण सबसे ज्यादा चर्चा में रही है। फखर जमान के बॉल टेम्परिंग कांड से लेकर कई विदेशी दिग्गज खिलाड़ियों के नाम वापस लेने के चलते पीएसएल 2026 सुर्खियों में रहा है। वहीं अब टीम होटल में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को फिर से नए दिशा निर्देशों को जारी करना पड़ा है, जिसके पीछे कुछ प्लेयर्स का इन नियमों को हल्के में लेकर तोड़ना बड़ी वजह रहा है। पीसीबी ने इसी के साथ सभी फ्रेंचाइजियों को ये भी साफ कर दिया है कि किसी भी तरह से नियमों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए यदि होता है तो उसमें प्लेयर को भारी जुर्माने का भी सामना करना पड़ेगा।
किसी भी खिलाड़ी को कम से कम 24 घंटे पहले लेनी होगी अनुमति
पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड ने सभी 8 टीमों और अन्य अधिकारियों को प्लेयर्स के टीम होटल में रुकने से जुड़े सुरक्षा के लिए जो नए दिशा निर्देश को जारी किया उसमें समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार पीसीबी ने जो ईमेल सभी फ्रेंचाइजियों को भेजा है उसमें उन्होंने साफ कर दिया है कि कोई भी खिलाड़ी या अधिकारी कम से कम 24 घंटे पहले बोर्ड से अनुमति लिये बिना टीम होटल में किसी परिजन से नहीं मिल सकता। पीसीबी अपने इस ईमेल में ये भी साफ किया कि खिलाड़ियों के लिये उनके परिजनों से मुलाकात के लिये टीम होटल में कोई जगह तय की जायेगी। पीसीबी ने जो ईमेल भेजा है उसमें उन्होंने लिखा कि खिलाड़ी की पत्नी, माता-पिता, भाई या बहन ही उनके कमरे के भीतर जा सकते हैं और वह भी बोर्ड से 24 घंटे पहले अनुमति लेने के बाद।
सिकंदर रजा के उल्लंघन करने के बाद पीसीबी ने उठाया कदम
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा जो पीएसएल 2026 में लाहौर कलंदर्स टीम का हिस्सा हैं वह कुछ दिन पहले अपने परिवार को टीम होटल में अपने कमरे के अंदर लेकर गए थे। इसी के बाद सुरक्षा नियमों को लेकर काफी हल्ला मच गया था। इस घटना के बाद टीम होटल में सुरक्षा प्रोटोकॉल के कथित उल्लंघन की अंदरूनी जांच के बाद शाहीन शाह अफरीदी पर 1 मिलियन पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया है। सिकंदर रजा को उनके परिवार को होटल में कमरे तक लेकर जाने में शाहीन अफरीदी ने अहम भूमिका निभाई थी। इसको लेकर उन्हें वॉर्निंग दी गई थी लेकिन इसके बावजूद शाहीन और सिकंदर ने रजा कमरे में रात डेढ बजे तक चार मेहमानों की मेजबानी की थी।
ये भी पढ़ें
‘कोई भी दूसरा गेंदबाज मेरे आस-पास भी नहीं’, टीम इंडिया से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी का छलका दर्द
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से धाकड़ डेविड मिलर का नाम गायब, ब्रेविस समेत कई खिलाड़ियों की लगी लॉटरी