तेहरान/वॉशिंगटन: ईरान में जारी संघर्ष के बीच एक अमेरिकी लड़ाकू विमान को मार गिराए जाने की खबरें सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पश्चिमी ईरान में गिराए गए इस फाइटर जेट से एक क्रू मेंबर को बचा लिया गया है, जबकि दूसरा अब भी लापता बताया जा रहा है। यह विमान F-15E स्ट्राइक इगल बताया जा रहा है, जिसमें दो लोग सवार होते हैं। हालांकि, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का दावा है कि गिराया गया विमान पांचवीं पीढ़ी का F-35 लाइटनिंग II था। इस घटना की पुष्टि को लेकर अब भी अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो सामने आया
विमान को मार गिराए जाने की खबर सबसे पहले ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने दी थी, जिसके बाद अमेरिकी और इजरायली मीडिया ने भी अधिकारियों के हवाले से इसकी पुष्टि की। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, यह 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद पहली बार है जब ईरान ने किसी अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में खुजेस्तान प्रांत के ऊपर एक रिफ्यूलिंग विमान और दो हेलीकॉप्टर नीचे उड़ते दिखे। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अमेरिकी सेना द्वारा लापता क्रू मेंबर की तलाश का था। बता दें कि ईरान ने कई अमेरिकी विमानों को मार गिराने का दावा किया है।
पायलट पर 10 लाख तोमान का ईनाम घोषित
ईरान के कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत के गवर्नर ने कहा है कि उनकी प्राथमिकता जिंदा बचे अमेरिकी क्रू को पकड़ना है। वहीं, ईरानी मीडिया के मुताबिक ‘घुसपैठिए’ को ढूंढने के लिए 10 अरब तोमान (करीब 60 लाख रुपये) का इनाम भी घोषित किया गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड सेंटकॉम जल्द ही इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी कर सकता है। फिलहाल व्हाइट हाउस ने सिर्फ इतना कहा है कि राष्ट्रपति को इस घटना की जानकारी दे दी गई है।
पहले भी गिरे हैं अमेरिकी लड़ाकू विमान
बता दें कि इससे पहले भी इस जंग के दौरान लड़ाकू विमानों के गिरने की खबरें सामने आई हैं। मार्च में कुवैत की एयर डिफेंस द्वारा गलती से 3 अमेरिकी फाइटर जेट गिरा दिए गए थे, हालांकि सभी 6 क्रू मेंबर सुरक्षित बच गए थे। वहीं, पश्चिमी इराक में एक अमेरिकी रिफ्यूलिंग विमान क्रैश होने से 6 सैनिकों की मौत हो गई थी। मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, इस संघर्ष में अब तक ईरान में 1606 नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें 244 बच्चे भी शामिल हैं।