भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को दिल्ली में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने बताया है कि एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका  असर 7 और 8 अप्रैल को सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इस वजह से दिल्ली में मंगलवार की शाम बारिश होने की पूरी संभावना है। वहीं, मौजूदा समय में जो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, उसके प्रभाव से देश के उत्तर पश्चिमी इलाके में  बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। जम्मू कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में कई दिनों से बर्फबारी जारी है।

दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई, जबकि दिन भर लगातार बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई। हालांकि भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था, लेकिन शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात के दौरान दिल्ली के केवल कुछ छिटपुट इलाकों में ही हल्की बारिश हुई। न्यूनतम तापमान बढ़कर सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 20.7 डिग्री सेल्सियस हो गया जो पिछले दिन की तुलना में 1.5 डिग्री अधिक है। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पिछले दिन की तुलना में एक डिग्री कम है। 

मंगलवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी

‘स्काईमेट’ के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा, “ऐसा बादलों की मौजूदगी के कारण होता है, जिसके परिणामस्वरूप दिन के दौरान कम गर्मी अंदर प्रवेश करती है और रात में पृथ्वी की सतह से कम गर्मी बाहर निकलती है।” इस बीच आईएमडी ने मंगलवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें दिन के दौरान एक या दो बार बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान है, साथ ही गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने, आकाशीय बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मंगलवार की शाम को हल्की बारिश की एक और बौछार हो सकती है। पलावत ने आगे कहा, “यह पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के साथ-साथ उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और मध्य पाकिस्तान में देखे जा रहे चक्रवाती परिसंचरण के कारण होगा। मंगलवार के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।” 

बारिश से साफ हुई दिल्ली की हवा

मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जो बुधवार तक गिरकर 28 से 30 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा। रविवार को न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिसके बाद इसमें थोड़ी गिरावट आ सकती है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में पिछले दिन हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ। शनिवार को शाम चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 137 (मध्यम श्रेणी) दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को इसी समय यह 266 (खराब श्रेणी) था।

हिमाचल में हिमपात और बारिश

हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई और हिमपात हुआ जिससे न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। शिमला मौसम कार्यालय ने शनिवार को सात और आठ अप्रैल को चार से पांच जिलों में ओलावृष्टि की आशंका को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया। लाहौल स्पीति तथा कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार शाम से पिछले 24 घंटों में ताजा हिमपात हुआ। गोंडला में 13 सेंटीमीटर, हंसा और केलांग में 7.5 सेंटीमीटर तथा कोक्सर में तीन सेंटीमीटर हिमपात हुआ। शुक्रवार रात को अटल सुरंग पर भी हल्का हिमपात देखा गया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई। 

हिमाचल में मंगलवार और बुधवार के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम भारत में बुधवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने का अनुमान है। इसके अलावा राज्य में 10 अप्रैल तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, जोत और कांगड़ा में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई और आकाशीय बिजली चमकी, जबकि सेओबाग, सुंदरनगर, ताबो और नेरी में 39 से 59 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई स्टेशनों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में क्रमशः दो से पांच डिग्री सेल्सियस और दो से आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई। ताबो में रात का तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया और यह सबसे ठंडा स्थान रहा।

राजस्थान में कई स्थानों पर बारिश

राजस्थान में एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते चौबीस घंटे में कई जगह बारिश और ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर जबकि पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर आंधी चली, बिजली गिरी तथा तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सर्वाधिक बारिश पश्चिमी राजस्थान के करणपुर में 11.5 मिलीमीटर तथा पूर्वी राजस्थान में उदयपुर के कोटड़ा में 32 मिलीमीटर हुई। विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य के ऊपर परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके असर से आज भी जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर में कुछेक स्थानों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, बारिश व ओलावृष्टि होने की संभावना है। बीकानेर, जोधपुर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। 

किसानों के लिए सलाह

छह अप्रैल को दोपहर बाद जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कुछ भागों में तेज आंधी-बारिश की संभावना है। सात अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में आंधी चलने तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि, मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इसी तरह आठ अप्रैल को उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेत में पककर तैयार फसलों, कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व जिंसो को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।

यह भी पढ़ें-

राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी के आरोपों का दिया जवाब, वीडियो जारी कर पूछे 3 सवाल

Video: केरलम में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला, उपद्रवियों ने गनमैन को भी पीटा

 

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version