असम में 9 अप्रैल को वोटिंग होनी है। इससे पहले यहां आरोप और प्रत्यारोप का दौर जारी है। मंगलवार को चुनाव प्रचार रुक जाएगा। ऐसे में कांग्रेस ने सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके पासपोर्ट विवाद पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी ने असम के मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पास तीन-तीन देशों के पासपोर्ट हैं। उन्होंने हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर अमेरिका में कंपनी खोलकर पर पैसे लगाने का भी आरोप लगाया। वहीं, मुख्यमंत्री हिमंता सरमा ने कांग्रेस के आरोप को झूठा और फेक बताया है। उन्होंने कांग्रेस की ओर से पेश किए गए दस्तावेज को फोटोशॉप बताया। इसके साथ ही पूछा कि इसके लिए पाकिस्तानी सोशल मीडिया की मदद क्यों ली।
कांग्रेस का आरोप है कि हिमंत की पत्नी का इजिप्ट का एक पासपोर्ट अभी एक्सपायर नहीं हुआ है। इसके साथ ही कांग्रेस ने चुनौती दी है कि सरकार को लाइए और अगर यह फेक है तो क्या उन्होंने केवाईसी में फेक डॉक्यूमेंट लगाए। कांग्रेस ने इस मामले में बीजेपी और हिमंत से जवाब मांगा।
कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता ने कहा, “मैंने तो इस देश का नाम एक दो बार ही सुना है, वहां मैंने सुना है पासपोर्ट बनाना आसान होता है, जेब भरी हुई होनी चाहिए ये एक और पासपोर्ट है और ये भी जिंदा है। मैं 3 पासपोर्ट किसी कारण से कह रहा हूं। मैं ये मानना चाहता हूं, हम सब ये मानना चाहते हैं कि आपके पास हिंदुस्तान का भी पासपोर्ट होगा। अगर है तो साहब हिंदुस्तान दोहरी नागरिकता को गैरकानूनी मानता है। कानून के अनुसार दोहरी नागरिकता असंवैधानिक है। तो आप बताइए आप इंडियन नेशनल हैं या नहीं। अगर हैं तो आपके पास तीन पासपोर्ट हैं और अगर आप नहीं हैं तो बहुत बढ़िया।
हिमंत ने क्या कहा?
कांग्रेस के आरोपों पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “कल पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने दो प्रेस कॉन्फ्रेंस कीं, एक दिल्ली में, एक गुवाहाटी में। हमारी रिसर्च के दौरान, हमने पाया कि कल हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा मटीरियल एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप ने दिया था। पिछले 10 दिनों में, पाकिस्तान चैनल ने असम चुनाव के बारे में कम से कम 11 टॉक शो किए हैं, जो पहले कभी नहीं हुआ। और हर टॉक शो में, नतीजा यह निकला कि कांग्रेस को जीतना चाहिए। कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पाकिस्तान का लिंक भी अब बहुत, बहुत साफ हो गया है। मुझे यकीन है कि लॉ एनफोर्समेंट एजेंसी इस पर ध्यान देगी।”
पत्नी ने एफआईआर कराई
हिमंत ने कहा, “आम तौर पर, जब आप किसी खास मुद्दे को फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ जनता के सामने उठाते हैं, तो उस पर आईपीसी की धारा 420 और 468 लगती है। बेशक, नए बीएनएस में एक कॉरेस्पोंडेंस प्रोविजन है। जब आप किसी चुनाव के नतीजे या आउटकम को प्रभावित करने के लिए इन आरोपों का इस्तेमाल फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ करते हैं, तो उस पर ज्यादा सजा का प्रोविजन लगता है, और उसकी सजा उम्रकैद है। कल, मेरी पत्नी ने एफआईआर दर्ज कराई है और मुझे यकीन है कि पुलिस कानून की सही धारा में केस दर्ज करेगी और जरूरी कार्रवाई करेगी।”
सुधांशु त्रिवेदी ने दिया जवाब
बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा, “ये कांग्रेस के जो अर्बन नक्सल अल्ट्रा लेफ्ट के लोग जो सिर्फ भारत में अराजकता फैलाना चाहते हैं। वो इतने बड़े मूर्खचक्रचूड़ामणि हैं कि उन्हें ये भी नहीं पता होता है कि आईडी में जो अगला नंबर होता है वो डेट ऑफ बर्थ से संबधित होता है। तो हिमंत बिस्वा सरमा जी की डेट ऑफ बर्थ 1973 है। सन और इस व्यक्ति की डेट ऑफ बर्थ है 10-7-1996 तो 784 के बाद 1996 लिखा है और इसलिए नेशनेलिटी इजिप्टियन मुझे लगता है इससे ज्यादा हास्यास्पद हल्का छिछला आरोप लगाने में भी उन्होंने दिमाग का इस्तेमाल नहीं किया है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस का जमीनी धरातल ही खाली नहीं हो गया है, कांग्रेस का ऊपरी माला भी खाली है।”
गौरव गोगोई के आरोप
असम कांग्रेस अध्यक्ष और जोरहाट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री और जालुकबारी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर कहा, “वह हजारों झूठ बोल सकते हैं। वह इतने लंबे समय से झूठ बोल रहे हैं। कांग्रेस पार्टी उनके परिवार की प्रॉपर्टी और विदेश में उनके परिवार के बिजनेस के बारे में इन सभी झूठों का पर्दाफाश करने जा रही है। सवाल साफ है क्या आपके परिवार के नाम पर दुबई में गोल्ड कार्ड है कि नहीं? क्या आपके परिवार की दुबई में प्रॉपर्टी है? तीसरा, क्या आपने अपने चुनावी हलफनामे में यह बताया था? उन्हें साफ तौर पर डिसक्वालिफाई किया जाना चाहिए, ईडी केस फाइल किया जाना चाहिए, और अगर हमारी सरकार सत्ता में आती है, तो उनकी सभी गैर-कानूनी प्रॉपर्टी, गैर-कानूनी बिजनेस, और गाय की तस्करी से लेकर कोयला माफिया तक हर चीज से उनके कनेक्शन, उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
यह भी पढ़ें-
नोटों की गड्डियों पर सोते थे अफजल और परवेज, किडनी रैकेट केस में बड़ा खुलासा, हैरान कर देगा वीडियो
केरल में बीजेपी कार्यकर्ता के घर पर फेंका गया विस्फोटक, तेज धमाके के साथ फटा, फॉरेंसिक की टीम पहुंची