Rambhadracharya, Ramkatha- India TV Hindi

Image Source : PTI
धर्मगुरु रामभद्राचार्य

बेतिया: धर्मगुरु रामभद्राचार्य उस वक्त नाराज हो गए जब 2 दिसंबर को पटना के गांधी मैदान में उन्हें रामकथा की अनुमति नहीं मिली। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए यहां तक कह दिया कि अब जब यह सरकार हटेगी तभी गांधी मैदान में कथा कहूंगा। चित्रकूट तुलसी पीठ के पीठाधीश्‍वर जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य इन दिनों बिहार पश्चिमी चंपारण के रामनगर में रामकथा कह रहे हैं।

सरकार हटाकर गांधी मैदान में कथा कहने आऊंगा

उन्होंने कहा कि 2 दिसंबर से पटना गांधी मैदान में कथा का आयोजन होना था। एक साल से कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन पटना के कमिश्‍नर ने अनुमति नहीं दी। उन्होंने आगे यह भी कहा, “बिहार में बहुत दिनों तक जंगलराज और गुंडाराज नहीं चलेगा। गांधी मैदान इसी देश का हिस्सा है। ठीक है, अब तुमको हटाकर ही पटना के गांधी मैदान में कथा कहने आऊंगा।”

रामचरितमानस बहुत जल्द राष्ट्र-ग्रंथ बन जाएगा

रामभद्राचार्य ने आगे दावा किया, “रामचरितमानस बहुत जल्द राष्ट्र-ग्रंथ बन जाएगा, इसकी निंदा करने वालों पर राष्ट्रद्रोह का केस दर्ज हो सकेगा। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि जातिविहीन, सनातन वैदिक हिंदू धर्म का मैं समर्थक हूं। जो भी राम कृष्ण को मानता है, वो हिन्दू मेरे लिए पूज्य है।”

संत की हुंकार पर पसीना आ गया

इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने कहा कि बिहार सरकार को मेरे जैसे संत की हुंकार पर पसीना आ गया।उन्होंने कहा कि रामचरित मानस पर मैंने शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर से चर्चा की बात क्या कह दी,सरकार डर गई है। रामभद्राचार्य ने रामचरित मानस को लेकर चंद्रशेखर के बयान पर कहा कि उन्होंने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वो रामचरित मानस पर मेरे साथ चर्चा करें। इस ग्रंथ में राष्ट्र विरोध में कोई बात नहीं कही गई है।

2024 में भी नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे

धर्मगुरु रामभद्राचार्या ने  दावा किया कि 2024 में भी नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे। इसमें कोई संदेह नहीं है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होने से देशभर में लोग खुश हैं। सनातन धर्म के विरोधी लोग भले दुखी होंगे। (इनपुट-आईएएनएस)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version