हरियाणा में अकेले चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी।- India TV Hindi

Image Source : AAM AADMI PARTY (X)
हरियाणा में अकेले चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी।

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को कहा कि वह हरियाणा विधानसभा चुनाव में सभी 90 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने कहा कि राज्य में लोग बदलाव चाहते हैं और बड़ी उम्मीद से ‘आप’ की ओर देख रहे हैं। हरियाणा में विधानसभा चुनाव इस वर्ष के अंत में प्रस्तावित हैं। ‘आप’ ने कहा कि वह 20 जुलाई को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गारंटियों की घोषणा करेगी। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि ‘आप’ हरियाणा विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ेगी।’’ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पार्टी के वरिष्ठ नेता संदीप पाठक और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुशील गुप्ता भी इस मौके पर मौजूद थे। 

भाजपा पर साधा निशाना

संजय सिंह ने बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और अग्निपथ योजना के मुद्दों पर हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘आज हरियाणा में जबरन वसूली की जा रही है। हमने देखा कि आंदोलन के दौरान किसानों को कैसे कुचला गया। हरियाणा में बेरोजगारी भी एक बड़ी समस्या है।’’ उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना ‘‘सेना का अपमान है’’। संजय सिंह ने कहा, ‘‘हरियाणा में उन्होंने (पूर्व मुख्यमंत्री) मनोहर लाल खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी को नियुक्त कर दिया। लेकिन लोग समझदार हैं, वे मूर्ख नहीं बनेंगे और चुनावों में उन्हें (भाजपा को) जवाब देंगे।’’ 

20 जुलाई को होगी गारंटियों की घोषणा

वहीं ‘आप’ के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संदीप पाठक ने दावा किया कि ‘आप’ हरियाणा की सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा, ‘‘यदि किसी को इस बात पर कोई संदेह है कि ‘आप’ हरियाणा चुनाव कैसे लड़ेगी, तो मैं सभी को यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि हम आगामी चुनाव इस तरह से लड़ेंगे कि दुनिया देखेगी। हम सभी सीट पर चुनाव लड़ेंगे और सरकार बनाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि ‘आप’ ने 6,500 गांवों में ‘‘बदलाव जनसंवाद’’ बैठकें कीं और इन बैठकों में लोगों ने केवल एक ही बात की – बदलाव। पाठक ने कहा कि 20 जुलाई को हम एक बैठक करेंगे जिसमें केजरीवाल की गारंटियों की घोषणा की जाएगी। यह पूछे जाने पर कि क्या ‘आप’ हरियाणा में ‘इंडिया’ गठबंधन के अपने सहयोगियों के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी, उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ेंगे।’’ 

बदलाव चाहते हैं हरियाणा के लोग

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि ‘आप’ नेताओं के रोहतक, सोनीपत और जींद जैसे हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे के दौरान लोगों ने कहा कि वे राज्य में बदलाव चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस, भाजपा और क्षेत्रीय दलों को मौका दिया लेकिन इन सभी ने राज्य को लूटा। मान ने कहा कि ‘आप’ विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगी और ‘‘बदलेंगे हरियाणा का हाल, अब लाएंगे केजरीवाल’’ पार्टी का नारा होगा। उन्होंने कहा कि ‘आप’ एक राष्ट्रीय पार्टी है और सबसे तेजी से बढ़ती पार्टी भी है। उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली और पंजाब में हमारी सरकारें हैं। हरियाणा का आधा हिस्सा दिल्ली से लगता है और आधा हिस्सा पंजाब से लगता है, जबकि हरियाणा का आधा हिस्सा पंजाबी भी बोलता है।’’ मान ने कहा, ‘‘दस साल पहले किसी ने नहीं सोचा था कि ‘आप’ पंजाब में भारी जीत दर्ज करेगी और अपने दम पर सरकार बनाएगी, लेकिन यह वास्तविकता बन गया। अब पार्टी उसी जोश और ऊर्जा के साथ हरियाणा चुनाव लड़ेगी।’’ (इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें- 

पुंछ के जिला अस्पताल में छत पर मिला ग्रेनेड, इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू; जानें क्या बोली चश्मदीद

‘भाजपा के दो सांसद तृणमूल में शामिल होंगे’, TMC नेता के दावे से गरमाई सियासत





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version