
सड़क पर दिखा शेरों का झुंड
गुजरात के सोमनाथ जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में 14 शेर सड़क पर टहलते नजर आ रहे हैं। सड़क पर टहल रहे शेरों में पांच वयस्क हैं, जबकि नौ छोटे शावक हैं। गिर के शेरों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोगों का मानना है कि शिकार में तलाश में यह झुंड निकला था। हालांकि, वीडियो देखकर ऐसा लग रहा कि यह झुंड आराम से टहलने के लिए निकला था।
शेर भूखे होते तो सड़क से गुजर रहे लोगों पर हमला कर सकते थे। हालांकि, उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया। वहीं, सड़क से गुजर रहे लोगों ने शेरों के झुंड का वीडियो बना लिया। फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि यह वीडियो 27 जुलाई का ही है या पुराना है।
गिर-गढ़डा का है वीडियो
वायरल वीडियो सोमनाथ जिले के गिर-गढ़डा का है। सोशल मीडिया पर इसे जमकर शेयर किया जा रहा है और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। मई 2025 में आयोजित 16वीं जनगणना के अनुसार, गुजरात के गिर क्षेत्र में एशियाई शेरों की कुल संख्या 891 है। इसमें 196 नर, 330 मादा, 140 उप-वयस्क और 225 शावक शामिल हैं। भारत में सबसे ज्यादा शेर गुजरात के गिर राष्ट्रीय उद्यान और आसपास के क्षेत्रों में ही पाए जाते हैं। यह क्षेत्र गुजरात के जूनागढ़, गिर सोमनाथ, और अमरेली जिलों में फैला हुआ है। भारत में शेरों की यह एकमात्र प्राकृतिक आबादी है। उत्तर प्रदेश के चंद्रप्रभा अभ्यारण में तीन शेर छोड़े गए थे, लेकिन उनकी आबादी नहीं बढ़ी और वह विलुप्त हो गए। वहीं, मध्य प्रदेश के कूनो में भी शेरों को बसाने की बात चल रही है, लेकिन अब तक यह योजना सफल नहीं हो सकी है। मानव-पशु संघर्ष का खतरा और अनुकूल वातावरण न होना इसमें सबसे बड़ी समस्या है।
यह भी पढ़ें-