
चिराग पासवान ने नीतीश को दिया समर्थन।
केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बीते कुछ दिनों से बिहार के सीएम नीतीश कुमार की नेतृत्व वाली सरकार पर जमकर निशाना साधा है। हाल ही में चिराग ने इस बात पर दुख जाहिर कर दिया था कि उन्हें दुख है कि वह ऐसी सरकार का समर्थन कर रहे हैं जहां पर अपराध बेकाबू हो गया है। हालांकि, अब चिराग पासवान के सुर अचानक से बदल गए हैं। चिराग पासवान ने अब कहा है कि बिहार में चुनाव के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होंगे।
क्या बोले चिराग पासवान?
बिहार के हाजीपुर से सांसद और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने पीएम मोदी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। चिराग ने सोमवार को कहा- ‘‘मैंने कई बार दोहराया है कि मेरी प्रतिबद्धता और प्रेम प्रधानमंत्री के प्रति है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में (बिहार में) चुनाव लड़े जाएंगे। चुनाव परिणामों के बाद, नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। निश्चित रूप से वह मुख्यमंत्री होंगे।’’