
Axar Patel
एशिया कप 2025 में भारतीय टीम अभी तक जबरदस्त फॉर्म में नजर आई है। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट की शुरुआत यूएई को 9 विकेट से हराकर किया था। उसके बाद उन्होंने अपने दूसरे मैच में रविवार को पाकिस्तान को बुरी तरह धोया। इस एकतरफा मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम ने 7 विकेट से एक आसान जीत दर्ज की। इस मैच में कुलदीप यादव ने 3 विकेट हासिल किए। उन्हें लगातार दूसरे मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। वहीं टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में मैच के बाद अक्षर पटेल को एक खास अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
अक्षर पटेल को मिला ड्रेसिंग रूम में खास अवॉर्ड
इस मैच के खत्म होने के बाद बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक विदेई शेयर किया है। इस वीडियो में पाकिस्तान को हराने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में जमकर जश्न मनाते हुए नजर आए और साथ ही में वहां अवॉर्ड सेरेमनी भी हुआ। इसी दौरान अक्षर पटेल को इस मैच में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए इम्पैक्ट प्लेयर का अवॉर्ड का मिला। ट्रेनिंग असिस्टेंट नुवान सेनेविरत्ने ने अक्षर पटेल को इम्पैक्ट प्लेयर का मेडल पहनाया। बता दें कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अक्षर को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। लेकिन गेंद से उन्होंने जरूर कमाल का प्रदर्शन किया। अक्षर ने अपने 4 ओवर में 4.50 की इकोनॉमी रेट से सिर्फ 18 रन खर्च करते हुए 2 विकेट चटकाए। इसके अलावा अक्षर ने हसन नवाज का कैच भी लपका।
अपनी गेंदबाजी को लेकर अक्षर पटेल ने क्या कहा?
मेडल मिलने के बाद अक्षर पटेल ने इस मैच में अपनी गेंदबाजी को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि लास्ट मैच मैंने खेला था तो मुझे लगा कि मैं जिस स्पीड से डाल रहा था, उससे बल्लेबाज को शॉट खेलने में आसानी हो रही थी। इसलिए आज मैंने कोशिश कि पहले ओवर में गेंद को थोड़ा स्लो फेंकू। वहीं फील्डिंग को लेकर उन्होंने कुलदीप यादव से कहा कि मेरे भाई का कैच था ऐसे में मुझे इसे कहीं से भी पकड़ना था। अक्षर ने कुलदीप की गेंद पर ही हसन नवाज का कैच लिया था।
अक्षर के साथ बातचीत में कुलदीप यादव ने दिया बड़ा बयान
कुलदीप ने कहा कि लंबे समय बाद खेलकर अच्छा लग रहा है। शायद इंग्लैंड में दो महीने की मेरी कड़ी मेहनत का फल मुझे मिल रहा है। मैंने कड़ी मेहनत की और सभी जरूरी चीजें पूरी कीं, क्योंकि मुझे पता था कि मुझे एशिया कप में खेलने का मौका जरूर मिलेगा, क्योंकि यूएई की परिस्थितियां मेरे अनुकूल लग रही थी।
यह भी पढ़ें
एशिया कप 2025 में इस टीम का सफर खत्म, टूर्नामेंट से बंध गया बोरिया बिस्तर
Asia Cup 2025: जीत के साथ UAE ने सुपर-4 की उम्मीदों को रखा जिंदा, ओमान को 42 रनों से हराया
