
भैंसों पर सवार ऋषभ शेट्टी।
साल 2022 में एक फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जो लगभग दो घंटे 30 मिनट रन टाइम की थी। यह फिल्म एक पौराणिक लोक कथा पर आधारित थी और इसमें मुख्य भूमिका में एक साधारण से दिखने वाले अभिनेता को लिया गया था। फिल्म कन्नड़ भाषा में बनी थी, जिससे लोगों को उम्मीद थी कि यह सीमित दर्शकों तक ही पहुंचेगी और अगर हिट भी हुई तो इसकी कमाई 100 से 200 करोड़ रुपये तक सीमित रहेगी। लेकिन फिल्म ने सभी अनुमानों को गलत साबित करते हुए जबरदस्त सफलता हासिल की। इसकी सिनेमेटोग्राफी, निर्देशन, कहानी और अभिनय ने दर्शकों को प्रभावित किया और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाम हासिल किया। आखिर में फिल्म की डिमांड इस कदर बढ़ी की मेकर्स को फिल्म कई भाषाओं में रिलीज करनी पड़ी।
फिल्म का बजट और कमाई
पहले सिर्फ कन्नड़ में रिलीज हुई ये रीजनल फिल्म, देखते ही देखते पैन इंडिया फिल्म बन गई। अगर आप अब भी फिल्म का नाम गेस नहीं कर पाए हैं तो हम आपकी मुश्किल आसान कर देते हैं। इस फिल्म का नाम ‘कांतारा’ है। इसे केवल 16 करोड़ रुपये में बनाया गया था, लेकिन इसने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 407 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। फिल्म को भारत के साथ-साथ विदेशों में भी सराहना मिली। इसे दो राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिले। मुख्य अभिनेता को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला और फिल्म को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का राष्ट्रीय सम्मान दिया गया। फिल्म का निर्देशन और अभिनय, दोनों ऋषभ शेट्टी ने किया।
क्या था कहानी का आधार?
फिल्म की कहानी एक गांव की पृष्ठभूमि में रची गई है, जो केरल के कासरगोड जिले में स्थित है। इसमें एक ऐसे युवक की कहानी दिखाई गई है जो अपराध की दुनिया से निकलकर सामान्य जीवन जीना चाहता है, लेकिन उसका अतीत उसे बार-बार वापस खींच लाता है। फिल्म में लोक देवताओं पंजुरली और गुलिगा देवा की परंपराएं और मान्यताएं भी प्रमुखता से दिखाई गई हैं। आदिवासी समुदायों और उनकी प्रकृति से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को कहानी में खास महत्व दिया गया है। कन्नड़ भाषा में मिली सफलता के बाद फिल्म को अन्य भाषाओं, हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी डब किया गया, जिससे यह एक अखिल भारतीय फिल्म बन गई।
आ रहा फिल्म का प्रीक्वल
अब इस फिल्म का एक नया भाग आ रहा है, जिसे ‘कंतारा: चैप्टर 1’ नाम दिया गया है। इसकी घोषणा के बाद से ही यह चर्चाओं में है और अब इसकी रिलीज की तारीख और ट्रेलर भी सामने आ गए हैं। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2025 को दशहरा के अवसर पर रिलीज की जाएगी। इसमें कोंकण क्षेत्र की लोक कथाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। निर्देशन इस बार भी ऋषभ शेट्टी ही कर रहे हैं और वह मुख्य भूमिका में भी नजर आएंगे। फिल्म में गुलशन देवैया भी अहम रोल निभा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: खत्म हुआ इंतजार! ‘कांतारा: चैप्टर 1’ का ट्रेलर रिलीज, पहले से भी ज्यादा गहरा है सस्पेंस और रोमांच
बर्दाश्त से बाहर हुआ था सुपरस्टार का गुस्सा, नसीरुद्दीन शाह और ओम पुरी के सामने दी गाली
