
कांग्रेस के ऋषभदेव ब्लॉक अध्यक्ष रूपलाल।
राजस्थान के उदयपुर जिले की ऋषभदेव थाना पुलिस ने राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार कर उसे पकाते हुए कांग्रेस के ऋषभदेव ब्लॉक अध्यक्ष सहित तीन को गिरफ्तार किया है। यह तीनों लोग मोर का मांस पका कर ‘पार्टी’ कर रहे थे। आरोपियों में से एक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर 50 से अधिक मामले चल रहे हैं।
जानिए पूरा मामला
यह घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है। थानाधिकारी हेमंत कुमार अहारी ने बताया कि बिलख फलां गड़ावत में नदी किनारे एक खेत में राष्ट्रीय पक्षी मोर को मारकर उसे पकाने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने इस खेत पर दबिश दी। यह खेत कांग्रेस के ऋषभदेव ब्लॉक अध्यक्ष रूपलाल पुत्र प्रेमशंकर मीणा का है। यहां पर रूपलाल अपने साथी हिस्ट्रीशीटर अर्जुनलाल और राकेश के साथ मोर का शिकार कर उसका मांस पकाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने मौके से तीनों को गिरफ्तार कर मोर का मांस बरामद किया। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों से आगे पूछताछ जारी है और शिकार में प्रयुक्त साधनों की भी जांच की जा रही है।
वन विभाग ने की पुष्टि
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि खेत में बने एक कमरे में तीनों आरोपी नॉनवेज पार्टी की तैयारी कर रहे थे। इसी उद्देश्य से आरोपियों ने मोर का शिकार किया और उसके मांस को वही पकाने का प्लान बनाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। जांच के बाद वन विभाग ने पुष्टि की कि राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने शिकार करना स्वीकार किया।
हिस्ट्रीशीटर पर 50 से ज्यादा केस
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अर्जुन मीणा एक कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैंए जिनमें से 16 से ज्यादा प्रकरण राजस्थान के विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। इन मामलों में चोरीए लूट और मारपीट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
(रिपोर्ट- भगवान प्रजापत)
यह भी पढ़ें-
