Nalanda- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
नालंदा में एक नवविवाहिता की हत्या

नालंदा: बिहार के नालंदा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता की शादी के 6 महीने बाद हत्या कर दी गई और शव को खेत में दफनाकर उसके ऊपर गेहूं की फसल रोप दी गई। नवविवाहिता की उम्र महज 20 साल थी।

क्या है पूरा मामला?

नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के लोटन गांव में दहेज की मांग को लेकर एक नवविवाहिता की निर्मम हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बहुआरा गांव के एक खेत में दफन कर उसके ऊपर गेहूं की फसल रोप दी, जिससे सबूत मिटाया जा सके। मृतका की पहचान लोटन गांव निवासी मनीष कुमार की 20 वर्षीय पत्नी सविता कुमारी के रूप में हुई है।

मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने रविवार की दोपहर करीब 1 बजे बताया कि सविता कुमारी की शादी 1 जून 2025 को मनीष कुमार से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल पक्ष द्वारा बाइक और सोने की चैन की मांग को लेकर सविता को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। इस दौरान उसके साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है।

परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों पहले अचानक सविता का मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे परिवार वालों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद सविता का भाई जब लोटन गांव पहुंचा तो देखा कि ससुराल का घर बंद था और पति सहित परिवार के लोग फरार थे। 

काफी खोजबीन के बाद भी जब सविता का कोई सुराग नहीं मिला तो 5 दिसंबर 2025 को मानपुर थाना में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस ने 14 जनवरी 2026 को मुख्य आरोपी पति मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उस समय तक शव बरामद नहीं हो सका था। 

पुलिस लगातार आरोपी से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान मानपुर थाना की पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सविता का शव बहुआरा गांव के एक खेत में दफन किया गया है। सूचना के आधार पर शनिवार की शाम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई, जहां जमीन के अंदर से सविता का शव बरामद किया गया। 

शव मिलने की सूचना पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार की दोपहर मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए  मॉडल अस्पताल लाया गया। मॉडल अस्पताल में शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। (इनपुट: नालंदा से शिव कुमार) 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version