
हादसे में एक शख्स की मौत हो गई जबकि 3 अन्य घायल हो गए।
मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार को निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन-4 के गर्डर पुल का एक स्लैब गिरने से हुए हादसे में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह हादसा एलबीएस रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन फैक्टरी के पास हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए। मुलुंड पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 105, 110, 324(5) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में कंपनी के मैनेजर, इंजीनियर, सुपरवाइजर और वर्कर को आरोपी बनाया गया है।
इन 5 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
मुलुंड में हुए हादसे में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- हरीश चौहान: प्रोजेक्ट डायरेक्टर
- कुलदीप सपकल: प्रोजेक्ट मैनेजर
- सौरभ सिंह: डिप्टी मैनेजर
- प्रशांत भोईर: सुपरवाइजर (ये चारों मिलन रोड बिल्टेक से हैं, जो रिलायंस अस्ताल्दी जेवी का सबकॉन्ट्रैक्टर है)
- अवधूत इनामदार: प्रोजेक्ट मैनेजर (डीबी हिल एलबीजी सुपरवाइजरी कंपनी से)
ऑटो रिक्शा औऱ कार पर गिरा था स्लैब
पुलिस और नगर निकाय अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर में एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन-4 के गर्डर पुल की पैरापेट दीवार का एक स्लैब एक ऑटो रिक्शा और एक कार पर गिर गया, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए। बता दें कि लाइन-4 दक्षिण-मध्य मुंबई के वडाला से पड़ोसी ठाणे तक बनाई जा रही है, जिसका एक बड़ा हिस्सा विक्रोली, भांडुप, मुलुंड आदि क्षेत्रों को जोड़ने वाले प्रमुख एलबीएस मार्ग के ऊपर से गुजरता है।
CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि घटना की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सभी ऐसे स्थलों पर तत्काल सुरक्षा ऑडिट शुरू किया जाएगा। फडणवीस ने कहा,’मुलुंड में हुई दुर्घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारी प्रार्थनाएं मृतकों के परिजनों और घायलों के साथ हैं। घायलों के चिकित्सा खर्च को MMRDA और राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। सुरक्षा संबंधी पहलुओं का उचित ध्यान रखा गया था या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’
