
सीमा हैदर छठी बार मां बनीं
ग्रेटर नोएडा: पाकिस्तान से अपने प्यार को पाने के लिए भारत आईं सीमा हैदर एक बार फिर चर्चा में हैं। वह छठी बार मां बनी हैं। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है। बेटे को पाकर सीमा हैदर के पति सचिन मीणा बहुत खुश हैं।
बता दें कि 11 महीने पहले ही सीमा ने बेटी को जन्म दिया था। हालांकि उनके घर में एक बार फिर किलकारी गूंजी है और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। सचिन ने हॉस्पिटल से वीडियो शेयर किया है और बताया है कि उनकी पत्नी को बच्चा नॉर्मल डिलीवरी से हुआ है और सब कुछ ठीक है। सचिन ने कहा कि उन्हें इस पल का बहुत दिनों से इंतजार था। आखिरकार वो समय आ गया।
कौन हैं सीमा हैदर?
सीमा हैदर की प्रेम कहानी फिल्मी है। दरअसल वो पाकिस्तान की हैं और पहले से शादीशुदा हैं। उनके पाकिस्तान में अपने पति गुलाम हैदर से पहले से 4 बच्चे थे। लेकिन पबजी गेम की वजह से उनकी दोस्ती भारत के सचिन मीणा से हो गई और उन्हें सचिन से प्यार हो गया। सचिन यूपी के ग्रेटर नोएडा में रहते हैं।
सचिन से मिलने के लिए सीमा पाकिस्तान से नेपाल के जरिए भारत आ गईं और सचिन से शादी कर ली। सचिन मीणा से अब तक सीमा को 2 बच्चे हो चुके हैं। सीमा के 4 बच्चे अपने पहले पति से हैं। यानी अब सीमा के कुल 6 बच्चे हैं, जिन्हें वह अपने पति सचिन मीणा के साथ संभालती हैं।
सचिन और सीमा सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और यूट्यूब पर उनके बहुत सब्सक्राइबर्स हैं। सीमा जब पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते सचिन से मिलने आई थीं तो उनका मामला नेशनल मीडिया में काफी सुर्खियों में रहा था। उनका कहना था कि वह सचिन से प्यार करती हैं, यही वजह उन्हें पाकिस्तान से भारत खींच लाई। सीमा ने भारत की नागरिकता पाने के लिए राष्ट्रपति के यहां पर दया याचिका भी लगाई थी।
फिलहाल तो सचिन और सीमा के घर में छठी किलकारी गूंजने के बाद लोग उनके घर बधाई देने पहुंच रहे हैं। सचिन का पूरा परिवार खुश है।(रिपोर्ट: ग्रेटर नोएडा से राहुल ठाकुर)
