
चकनाचूर हुई कार
महाराष्ट्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार कार रॉकेट की तरह नजर आई। गाड़ी का बैलेंस बिगड़ने के बाद कार कई मीटर तक पलटती चली गई। हादसे के बाद पूरी सड़क पर धुआं ही धुआं ही फैल गया। कार के चारों टायर फट गए और पूरी तरह चकनाचूर हो गई। इस हादसे का खौफनाक वीडियो सामने आया है।
पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
ये भीषण सड़क हादसा महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के नवापुर तहसील के ईसरवाडी नेशनल हाइवे- 53 पर हुआ है। भारत पेट्रोल पंप के पास ये हादसा हुआ है। पंप में लगे सीसीटीवी फुटेज में हादसे का पूरा वीडियो कैप्चर हुआ है।
कुछ ही सेकेंड में कार कई बार पलटी
वीडियो में साफ दिख रहा है कि लाल कलर की स्विफ्ट कार फूल स्पीड से आती है। कुछ ही सेकेंड में कार ने कई बार पलटी लगाई और फिर जाकर रुक गई। हादसे के वक्त कार के अंदर से सफेद धुआं निकलने लगा, जो कि पूरे रोड और आसपास छा गया।
हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल
एक्सीडेंट इतना भयंकर था कि कार के चारों टायर फट गए। इसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग आ जमा हुए। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जो गुजरात के तापी जिले के सोनगड़ के रहने वाले हैं। इनका नाम रोहित वाघ और दूसरे का नाम आकाश पाटिल है।
कार के अंदर से मिले शराब के कई बॉक्स
दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल के आईसीयू वार्ड में दोनों इलाज चल रहा है। वहीं, घटना स्थल से इस बात की जानकारी सामने आई है कि जब स्थानी लोगों ने उनको बाहर निकला तो उसमें कई सारी शराब के बॉक्स मिले हैं। पुलिस के मुताबिक कार से दोनों युवक शराब तस्करी कर रहे थे। ईसरवाडी पुलिस जांच में जुटी है।
जितेंद्र पाटिल की रिपोर्ट
