
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने बसों में जमकर तोड़फोड़ की।
दिल्ली के नांगलोई क्षेत्र में भीषण हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार DTC बस ने सड़क पर मौजूद कई लोगों और गाड़ियों में टक्कर मार दी। इस हादसे में 2 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ की, बाद में पुलिस ने किसी तरह हालात को संभाला।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस अचानक अनियंत्रित हो गई। उसने पहले दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी, जिसके बाद कुछ पैदल लोग भी उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में ई-रिक्शा सवार और स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई। एक मृतक की पहचान निहाल विहार निवासी रविकांत के रूप में हुई है। वहीं अन्य दो घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गुस्साई भीड़ ने की तोड़फोड़
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने बस में तोड़फोड़ की और बाद में उसे आग के हवाले कर दिया। गुस्साई भीड़ ने 3 से 4 बसों के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान जब पुलिस पहुंची, तब कहीं जाकर लोगों को समझाया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें-
मिनटों में स्वाहा हो गई DTC की इलेक्ट्रिक बस, दिल्ली में बीच सड़क पर मच गई अफरा-तफरी; VIDEO
