
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में मंगलवार से तमाम होटल बंद रहेंगे। बैंगलोर होटल्स एसोसिएशन ने एक प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी है। बैंगलोर होटल्स एसोसिएशन ने बताया कि शहर में कमर्शियल गैस सप्लाई संकट के कारण कल से होटल बंद रहेंगे। होटल एसोसिएशन ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई अचानक रुकने के बाद ये फैसला किया है। शहर की फूड इंडस्ट्री के इस फैसले से रोजाना शहर आने-जाने वाले लोगों की समस्याएं बढ़ सकती हैं।
होटल एसोसिएशन ने तेल कंपनियों पर लगाया ये बड़ा आरोप
बैंगलोर होटल्स एसोसिएशन की ओर से सोमवार को जारी किए गए प्रेस रिलीज के अनुसार, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई में अचानक आई ये रुकावट तेल कंपनियों के पिछले वादों से पूरी तरह उलट है, जिन्होंने कथित तौर पर कम से कम 70 दिनों तक लगातार सप्लाई की गारंटी दी थी। एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई में इस रुकावट की वजह से अब होटल ऑपरेटर्स के पास बिजनेस बंद करने के अलावा और कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी रोकने के लिए सरकार का बड़ा कदम
वहीं दूसरी तरफ, सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए बुकिंग की अवधि को 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। सरकारी सूत्रों ने ये जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि खाड़ी देशों में जारी तनाव के बीच तरह-तरह की अफवाहों की वजह से एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी की जानकारी मिल रही है। कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां जो लोग पहले 55 दिनों में LPG सिलेंडर बुक करते थे, उन्होंने 15 दिनों में LPG सिलेंडर बुक करना शुरू कर दिया है।
रिफाइनरियों को LPG के प्रोडक्शन में बढ़ोतरी करने के आदेश
सूत्रों ने बताया कि सरकार ने रिफाइनरियों को LPG के प्रोडक्शन में बढ़ोतरी करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही, सरकार ने कंपनियों को आदेश दिए हैं कि वो कमर्शियल एलपीजी कनेक्शन के बजाय घरेलू LPG कनेक्शन को प्राथमिकता दें। घरेलू ग्राहक हमेशा प्राथमिकता रहेंगे। इसके साथ ही, सरकार ने LPG के लिए नए पार्टनर्स की तलाश में भी जुटी हुई है। इसके अलावा, कई देशों जैसे- अल्जीरिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और नॉर्वे ने LPG बेचने के लिए भारत से संपर्क किया है।
