दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक फरार कुख्यात अपराधी मोहम्मद सलीम उर्फ “गंजा” को धर दबोचा है। गंजा पर हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी/सेंधमारी सहित 75 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और 20 से अधिक आपराधिक मामलों में वह फरार चल रहा था। दिल्ली पुलिस के साथ गंजा की बदरपुर क्षेत्र में मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद सलीम उर्फ “गंजा” एक अत्यंत शातिर एवं दुस्साहसी अपराधी है, जो दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या में भी शामिल रहा है। इसके अतिरिक्त, यह आरोपी सलीम गैंग के एक अन्य सदस्य की हत्या में भी संलिप्त रहा है।

नासिर एवं दानिश पहलवान गिरोह का सक्रिय सदस्य

दिल्ली पुलिस ने बताया, मोहम्मद सलीम उर्फ “गंजा” नासिर एवं दानिश पहलवान गिरोह का सक्रिय सदस्य है और लंबे समय से क्षेत्र में गंभीर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। अपराधों को अंजाम देकर वह फरार हो जाता था। सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए STF टीम ने संदिग्ध आरोपी को घेरने का प्रयास किया तो अपराधी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस तरह से जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें मोहम्मद सलीम उर्फ “गंजा” घायल हो गया। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर तत्काल उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

मौके से हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। यह कार्रवाई दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस की सतर्कता, तत्परता एवं पेशेवर दक्षता का परिणाम है। इस सफलता से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी। दिल्ली पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version