
बाढ़ के बीच टापू में फंसे किशोर को आर्मी ने बचाया
राजौरीः जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले में नौशेरा तवी नदी उफान पर है। भारी बाढ़ के बीच एक टापू पर एक किशोर फंस गया। किशोर लड़के को निकालने के लिए भारतीय सेना को बचाव अभियान के लिए बुलाया गया। आर्मी एविएशन के बहादुर पायलटों ने हेलीकॉप्टर से खराब मौसम के बावजूद तुरंत उड़ान भरी। पायलट खराब मौसम की स्थिति को पार करते हुए बचाव स्थल पर पहुंचे। आर्मी के पायलट ने नौशेरा तवी के बीचों-बीच नीचे की ओर उड़ान भरी, जहां किशोर लड़का अपनी जान के लिए संघर्ष कर रहा था।
सेना ने दिखाया अद्भुत कौशल
पायलटों ने तार की बाधाओं, उफान पर चल रही नदी और स्पष्ट लैंडिंग स्थल न होने के बावजूद असाधारण कौशल का प्रदर्शन किया और किशोर लड़के को बचाकर नदी के किनारे सुरक्षित पहुंचाया। यह साहस का कार्य उनके कर्तव्य से कहीं बढ़कर है। एक बार फिर भारतीय सेना ने देश सेवा में अपनी योग्यता साबित की।
यहां देखें वीडियो
बारिश से नदी और नाले उफान पर
बता दें कि जम्मू-कश्मी के राजौरी ज़िले में भारी बारिश से जनजीवन पर असर पड़ा है। नदियां और नाले उफान पर हैं। नदी से सटे इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। नौशेरा तवी नदी उफान पर है। बाढ़ में एक किशोर फंस गया था। जिसे सुरक्षित निकालने के लिए सेना ने जान की बाजी लगा दी।
रियासी में भूस्खलन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत
वहीं, रियासी जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात को माहोरे तहसील के बदोरा पहाड़ी क्षेत्र में भगवान शिव को समर्पित एक मंदिर के पास हुई। उन्होंने बताया कि जब भूस्खलन हुआ तब दोनों लोग एक तंबू में सो रहे थे। उन पर मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर सुचारू प्रबंधन का जिम्मा था।
अधिकारियों ने बताया कि आम नागरिकों और पुलिस ने बचाव अभियान संचालित किया तथा मलबे से दोनों के शव बरामद किए। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान तुली कलावन निवासी रशपाल सिंह (26) और चेनानी निवासी रवि कुमार (23) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।